फ़र्ज़ी कुटरचित दस्तावेज़ के बल पर खेल…..
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के जरिए दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जन्मतिथि व पते में बदलाव कर धोखाधड़ी से दूसरा पासपोर्ट बनवाया था।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति ने वर्ष 2009 में पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद उसने वर्ष 2024 में कूटरचना कर जन्मतिथि और पता बदलते हुए नया पासपोर्ट बनवा लिया। दोनों पासपोर्ट में दर्ज विवरण अलग-अलग पाए गए, जिससे धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मुकदमा संख्या 117/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान गुरुवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर सिकन्दरपुर पुलिया के पास से आरोपी अरविन्द पुत्र स्वर्गीय हरिश्चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में ग्राम सिकन्दरपुर थाना मुबारकपुर का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता ग्राम हरई इस्माइलपुर थाना जीयनपुर बताया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।









