नौजवानों को हनी ट्रैप, सोशल मीडिया के माध्यम से निशाना बना रहे पाकिस्तानी आतंकवादी आका……
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने बुधवार को आजमगढ़ जिले के निजामाबाद, सरायमीर समेत कई थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को हिरासत में लिया। इन पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के संपर्क में रहने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। जांच के दौरान प्रदेशभर में करीब 48 संदिग्ध लोगों को चिन्हित किया गया था। इसी क्रम में एटीएस ने छापेमारी कर मोहम्मद सैफ, अबुल फैज, मुकेश गौड़, नर्गिस, सावित्री देवी, मुनौव्वर और मोहम्मद राशिद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ये लोग सोशल मीडिया ग्रुपों के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे।
निजामाबाद-सरायमीर में एटीएस की छापेमारी, सात संदिग्धों से पूछताछ जारी, एटीएस का शिकंजा, देश विरोधी नेटवर्क से जुड़े थे आरोपी
उन ग्रुपों में कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े संदेश साझा किए जा रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। हालांकि एटीएस की इस कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एटीएस और एनआईए की टीमें आजमगढ़ में कई बार छापेमारी और जांच कार्रवाई कर चुकी हैं।









