मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान हंगामा, ट्रेलर चालक गिरफ्तार
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान यातायात डायवर्जन को लेकर एक ट्रेलर चालक और पुलिस के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के मधुबन दौरे के मद्देनजर मझवारा मोड़ पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक प्रतिबंधित मार्ग से वाहन ले जाने का प्रयास करने लगा। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोकते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।
आरोप है कि इस दौरान चालक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए जहां कथित रूप से उसने विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने चालक को नियंत्रण में लेकर कोतवाली पहुंचाया। आरोपी की पहचान संदीप यादव निवासी कुचहरा बलुआ पोखरा, घोसी के रूप में हुई है।
घोसी कोतवाली प्रभारी प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।








