बहन की शादी से पहले घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर घायल
फूलपुर/आजमगढ़। फूलपुर से अंबारी की ओर जा रहे दो युवकों की बाइक शनिवार दोपहर सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विपिन (21) पुत्र अदालती निवासी धन्नीपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल प्रदीप कुमार (25) पुत्र महेंद्र कुमार निवासी ओरिल, थाना पवई के रहने वाले हैं। दोनों युवक फूलपुर बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार की बहन की शादी रविवार को होनी थी। शादी की तैयारियों के सिलसिले में दोनों युवक बाजार से सामान लेकर वापस जा रहे थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे जब उनकी बाइक चमावां मोड़ स्थित भट्टे के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।

दुर्घटना में विपिन की गर्दन की हड्डी टूट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रदीप कुमार का बायां पैर गंभीर रूप से टूट गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल, आजमगढ़ रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम का माहौल छा गया।








