आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: टैंपो और एम्बुलेंस की भिड़ंत, दो की मौत, कई घायल
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। देवगांव-जिवली मार्ग पर राजेपुर हदीसा गांव के पास सवारी टैंपो और निजी मारुति एम्बुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंपो में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान 50 वर्षीय सुनीता मिश्रा और 24 वर्षीय अंगद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल टैंपो चालक रुस्तम को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहीं एक अन्य घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक सुनीता मिश्रा बैंक संबंधी कार्य से जा रही थीं, जबकि अंगद दवा लेने के लिए घर से निकला था। अंगद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं सुनीता मिश्रा के परिवार में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा एम्बुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।








