best news portal development company in india

आजमगढ़: फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र से नौकरी पाने का आरोप, सहायक अध्यापिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज

SHARE:

आजमगढ़: फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र से नौकरी पाने का आरोप, सहायक अध्यापिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। जिले के मार्टिनगंज विकास खंड स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका के खिलाफ फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय फतुहीं में कार्यरत सहायक अध्यापिका रानी सिंह की नियुक्ति के समय जमा किए गए शैक्षिक दस्तावेजों की सत्यता को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया।

जांच के दौरान सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी से प्राप्त रिपोर्ट में पाया गया कि वर्ष 1998 के उत्तरमध्यमा परीक्षा से संबंधित जो अंकपत्र और प्रमाणपत्र नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए थे, उनका विवरण किसी अन्य अभ्यर्थी से संबंधित है।

विभागीय स्तर पर अध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने कानूनी कार्रवाई के लिए बरदह थाने में तहरीर दी।

पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग से संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई