आजमगढ़: पशुशाला में सो रहे वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में एक वृद्ध की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार रात पशुशाला में सो रहे 65 वर्षीय व्यक्ति का शव गुरुवार सुबह खून से लथपथ हालत में मिला। गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान भुसावल चौहान (65 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद घर के बाहर स्थित पशुशाला में सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक न उठने पर उनकी पत्नी प्रमिला उन्हें जगाने पहुंचीं। वहां उन्होंने भुसावल चौहान को बिस्तर पर रक्तरंजित अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड की मदद ली।
परिजनों के मुताबिक, भुसावल चौहान खेती-किसानी के साथ अपने बड़े बेटे के कारोबार में भी सहयोग करते थे। परिवार में उनके चार बेटे हैं। बड़ा बेटा अनिल चौहान दिव्यांग है और कोटा का व्यवसाय करता है। दूसरा बेटा राजेश मजदूरी करता है, जबकि तीसरा बेटा धर्मराज दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सबसे छोटा बेटा कामराज परिवार के व्यवसाय में सहयोग करता है।
कामराज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल, गांव में इस घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के लिए साक्ष्यों को खंगाल रही है।








