बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस महकमे के तीन होनहार अधिकारियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है।
बिहार से मो० आसिफ अनवर की रिपोर्ट –
इस वक्त की एक बहुत ही बड़ी और बेहद दुखद खबर बिहार के बेगूसराय से सामने आ रही है। मधेपुरा जिले में तैनात तीन थानाध्यक्षों की एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिला के तीन थानों के थानाध्यक्ष—रतवारा के थानाध्यक्ष साजन कुमार, अरार के थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलार के थानाध्यक्ष नीरज कुमार एक सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। यह दर्दनाक अनहोनी बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल में हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों अधिकारी राजधानी पटना से अपना प्रशिक्षण पूरा कर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों अधिकारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कर्तव्य के प्रति हमेशा समर्पित रहने वाले इन जांबाज अधिकारियों का इस तरह असमय चले जाना, पूरे समाज और पुलिस परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। इस दुखद खबर के बाद से मधेपुरा और बेगूसराय समेत पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। हर आंख नम है और हर कोई स्तब्ध है।
इन वीर अधिकारियों की शहादत और उनकी सेवा को नमन करता है, और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उनके परिजनों को इस असह्य दुख को सहने की शक्ति दे।








