देवगांव में बस और ट्रेलर की टक्कर, तीन महिलाएं घायल, पुलिस नें कराया इलाज
आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बस और ट्रेलर के बीच सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में बस में सवार तीन महिलाओं को हल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायल महिलाओं को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकीय जांच और उपचार के बाद तीनों की स्थिति सामान्य पाई गई, जिसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में थाना देवगांव पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।








