आजमगढ़: एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने एलवल पुलिस चौकी और नई मेस का किया उद्घाटन, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मंगलवार को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित जीर्णोद्धारित पुलिस चौकी एलवल एवं थाना परिसर में बनी नवीन मेस (दाल चूरमा) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एलवल पुलिस चौकी के जीर्णोद्धारित भवन के लोकार्पण से हुई। इसके बाद एसएसपी ने चौकी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया।
वृक्षारोपण के उपरांत एसएसपी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और व्यापारियों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों के कल्याण और बेहतर भोजन व्यवस्था के उद्देश्य से तैयार की गई नवीन मेस (दाल चूरमा) का उद्घाटन किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित थाना व चौकी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।








