नीट यूजी-2026 को लेकर प्रशासन सतर्क, 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी की तैयारी
आजमगढ़। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, केंद्राध्यक्षों और नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन प्रक्रिया को भी सख्ती से लागू किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। केंद्रों की निर्धारित परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं आसपास संचालित फोटोस्टेट एवं कॉपी से संबंधित दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा समूहवार नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। विभिन्न क्षेत्रों के उप जिलाधिकारी भी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।








