मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील की है। इसी क्रम में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
आजमगढ़। आगामी मोहर्रम पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न धर्मगुरु, ताजियादार, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम पर्व परंपरागत तरीके से मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ताजियादारों से अपील करते हुए कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। अधिक ऊंचाई होने पर विद्युत तारों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की स्थिति, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








