अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, डीएम ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
आजमगढ़। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्य जनपदीय कार्यक्रम तमसा और सिलनी नदी के संगम स्थित महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम परिसर में आयोजित होगा।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योग दिवस में भाग लेने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन के अनुसार, शासन की ओर से कार्यक्रम के लिए मंत्री दारा सिंह चौहान और प्रमुख सचिव जी.एस. नवीन कुमार को नामित किया गया है। जनपदीय स्तर पर योग कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम के साथ-साथ राजकीय श्री दुर्गाजी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंदेश्वर में भी आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विकास खंडों, तहसीलों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








