आजमगढ़: शादी में गए परिवार के घर में घुसकर कब्जे की कोशिश, तीन महिलाएं गिरफ्तार
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के जोधी का पूरा मोहल्ले में शादी समारोह में गए परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर मकान पर कब्जा करने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जोधी का पूरा निवासी सुधांशु चतुर्वेदी ने तहरीर देकर बताया कि 22 जून को उनके भाई की शादी के कारण पूरा परिवार लखनऊ गया हुआ था। घर पर ताला लगा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अपना सामान रखकर कब्जा करने का प्रयास किया।
23 जून की सुबह परिवार के वापस लौटने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मकान खाली करने से इनकार कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 जून को जोधी का पूरा क्षेत्र से तीन महिला आरोपियों—जानकी, सरोजा और सीमा—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि अवैध कब्जे और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








