आजमगढ़: पेट्रोल पंप कर्मचारी ने लगाया लूट का आरोप, पुलिस ने बताया मारपीट का मामला
आजमगढ़, अतरौलिया। अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने कुछ युवकों पर मारपीट और लूट का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला लूट का नहीं, बल्कि आपसी विवाद के बाद हुई मारपीट का सामने आया है।
पीड़ित मुनीब, जो स्थानीय पेट्रोल पंप पर मुंशी के रूप में कार्यरत हैं, का कहना है कि बुधवार देर रात पंप बंद कर दिनभर की बिक्री की करीब 4.40 लाख रुपये की नकदी बाइक की डिग्गी में रखकर घर जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर हथियार दिखाकर नकदी मांगने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उनका दावा है कि उन्होंने डिग्गी में रखी नकदी सुरक्षित बचा ली, लेकिन जेब में रखी नकदी, सोने की चेन और चांदी का कड़ा छीन लिया गया।
वहीं, एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना की शुरुआत पानी पीने को लेकर हुए विवाद से हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस के अनुसार अभी तक लूट या छिनैती की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








