फूलपुर में बुलडोजर एक्शन- 25 दुकानें और 2 मकान हटाए गए
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर नगर के राज्य मार्ग संख्या-34 (लखनऊ-बलिया मार्ग) पर पीडब्ल्यूडी की भूमि और सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर दो मकानों और 25 दुकानों पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई से पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर अभियान चलाया।
एसडीएम अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी किरनपाल और तहसील प्रशासन की निगरानी में चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा।
प्रशासन के अनुसार, पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कुल 115 लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की सूची तैयार की गई थी। प्रथम चरण में 25 दुकानों और दो मकानों से अतिक्रमण हटाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क की दोनों पट्टियों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, जिससे आवागमन में हो रही परेशानियों का समाधान हो सके








