आजमगढ़: 24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, चोरी की स्प्लेंडर के साथ मध्य प्रदेश का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, 27 जून की रात शहर स्थित एक दुकान के बाहर खड़ी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाग लखराव पुलिया के पास से लक्ष्मी प्रसाद, निवासी मध्य प्रदेश, को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस (UP50 CK 5013) बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।








