आजमगढ़: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 63 वर्षीय बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़, फूलपुर। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) गुरुवार शाम बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। धर्मदासपुर मार्ग पर डिग्री कॉलेज के समीप मिट्टी ढो रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








