आजमगढ़: जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडा और ईंट बरामद
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और ईंट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को रानीपुर रजमो गांव निवासी अनीता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 1 जुलाई की रात करीब 12 बजे उनके पुत्र जयद्रथ को गांव के सिवान स्थित ट्यूबवेल के पास खाने के बहाने बुलाया गया। वहां मुकेश और अभिषेक ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में गंभीरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 जुलाई को पहलेपुर–रानीपुर रजमो मार्ग के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश (33 वर्ष) पुत्र सहतू तथा अभिषेक (25 वर्ष) पुत्र रामासरे, निवासी ग्राम रानीपुर रजमो पहिलेपुर, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा और एक ईंट बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।








