आजमगढ़: इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने निजी चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का लगाया आरोप
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के सदरपुर कैथोली गांव में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने निजी चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सदरपुर कैथोली निवासी जैसलाल गौतम ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी नीलम देवी (40) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें गांव में ही क्लीनिक संचालित करने वाले एक निजी चिकित्सक के पास इलाज के लिए ले गए।
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद नीलम देवी की हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए शाहगंज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने निजी चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राम बहादुर यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।








