अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘निवेश नहीं, कागजी कंपनियों के साथ भ्रष्टाचार का टूर्नामेंट’
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में निवेश के नाम पर कई कागजी और अनरजिस्टर्ड कंपनियों के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) किए गए हैं।
अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में वास्तविक निवेश नहीं हो रहा, बल्कि निवेश के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। उन्होंने लिखा, “भाजपाइयों के संगी-साथी ही नहीं, इनकी तो कंपनियां भी अनरजिस्टर्ड निकलीं। यूपी में इन्वेस्टमेंट नहीं, भाजपाइयों के बीच भ्रष्टाचार का टूर्नामेंट चल रहा है।”
सपा प्रमुख ने मांग की कि निवेश से जुड़े सभी समझौतों और कंपनियों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।








