best news portal development company in india

आजमगढ़ से मुंबई जा रही महिला और दो मासूम रहस्यमय ढंग से लापता, अब तक नहीं लगा कोई सुराग

SHARE:

आजमगढ़ से मुंबई जा रही महिला और दो मासूम रहस्यमय ढंग से लापता, अब तक नहीं लगा कोई सुराग

आजमगढ़ जिले के फूलपुर क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। 11 जुलाई 2026 को मुंबई के भिवंडी जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई एक 29 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र की पुरानी मिर्च मंडी निवासी आयशा साहिल शेख 11 जुलाई की रात करीब 10:55 बजे खुरासन रोड रेलवे स्टेशन से गोदान छपरा एक्सप्रेस में अपने दो बच्चों—करीब 2 वर्षीय बेटे और 6 वर्षीय बेटी—के साथ भिवंडी के लिए रवाना हुई थीं।

बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान ट्रेन शाहगंज, जौनपुर, भदोही होते हुए प्रयागराज पहुंची। इस दौरान आयशा की अपने पति और मां से मोबाइल पर लगातार बातचीत होती रही। लेकिन प्रयागराज से ट्रेन के आगे बढ़ने के बाद अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।

परिजनों के अनुसार, सऊदी अरब में मौजूद पति ने कई बार फोन मिलाने की कोशिश की, लेकिन हर बार मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई।

उधर, 12 जुलाई को भिवंडी से आयशा का रिश्तेदार कल्याण जंक्शन रेलवे स्टेशन उन्हें लेने पहुंचा, लेकिन गोदान छपरा एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने के बाद भी आयशा और दोनों बच्चे वहां नहीं मिले। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।

बताया जा रहा है कि आयशा को कल्याण स्टेशन से भिवंडी के धोबी तालाब, परशुराम टावर स्थित अपनी बहन के घर जाना था, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचीं।

परिजनों ने मामले की सूचना फूलपुर कोतवाली पुलिस को दी है, जिसके आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फिलहाल महिला और दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार लगातार उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहा है, वहीं पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई