best news portal development company in india

होर्मूज स्ट्रेट में ईरानी हमले का दावा, भारतीय नाविक की मौत, 10 घायल

SHARE:

होर्मूज स्ट्रेट में ईरानी हमले का दावा, भारतीय नाविक की मौत, 10 घायल

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मूज स्ट्रेट में दो व्यापारिक जहाजों पर कथित ईरानी हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य भारतीय घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद भारत सरकार ने नई दिल्ली स्थित ईरान के उपराजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। ईरान का दावा है कि दोनों जहाज ओमान कॉरिडोर के अनधिकृत जलमार्ग से होर्मूज पार करने का प्रयास कर रहे थे और चेतावनी के बावजूद वापस नहीं लौटे।

हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। वहीं, ईरान ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से क्षेत्र में युद्ध की आशंका फिर गहरा गई है। इस बीच कच्चे तेल की कीमत करीब 9 प्रतिशत बढ़कर 86 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूएई के अल बहिया और मोंबासा नामक जहाजों पर भारतीय नाविक सवार थे। अल बहिया पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हो गई और एक अन्य घायल हुआ, जबकि मोंबासा पर नौ भारतीय घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है।

विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। यूएई स्थित भारतीय दूतावास प्रभावित नाविकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए सभी पक्षों से हिंसा रोकने तथा बातचीत और कूटनीति के जरिए स्थिति सामान्य करने की अपील की है.

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई