आजमगढ़ में महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं संग की धान की रोपाई, योजनाओं की जानकारी ली
आजमगढ़, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने जनपद भ्रमण के दौरान ग्राम बड़ौरा बुजुर्ग पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं के साथ खेत में धान की रोपाई की और उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्रम एवं सहभागिता का संदेश देते हुए महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनकी कुशलक्षेम जानी।
डॉ. मौर्या ने ग्रामीण महिलाओं से उनके पारिवारिक जीवन, कृषि कार्य और स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने यह भी जाना कि महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों से पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं तथा उनके श्रम का परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। महिलाओं की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के लिए उनके बीच जाकर संवाद करना आवश्यक है। ग्रामीण महिलाओं ने डॉ. प्रियंका मौर्या के सहज व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आमजन के बीच पहुंचना विश्वास बढ़ाता है। डॉ. मौर्या ने महिलाओं को जागरूक रहने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों या राज्य महिला आयोग से संपर्क करने की अपील की।








