कट्टा और चाकू के बल पर दो भैंसें लूटीं, महिलाओं से मारपीट; बदमाशों ने दी जान से मारने की धमकी
भीरा (आजमगढ़)। बरदह थाना क्षेत्र के फतूही गांव में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर दो भैंसें लूट लीं। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई और कट्टा व चाकू दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शीला प्रजापति, पत्नी स्वर्गीय शिव प्रसाद प्रजापति के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे एक पिकअप वाहन से आठ-नौ बदमाश उनके घर पहुंचे। बदमाशों ने घर में बंधी दो भैंसों को जबरन पिकअप पर लादना शुरू कर दिया। महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और कट्टा व चाकू दिखाकर चुप रहने की धमकी दी। बदमाशों ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने शोर मचाया या घटना की जानकारी पुलिस को दी तो अंजाम बुरा होगा।
पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने घर में मौजूद करीब सात वर्षीय बच्ची का भी मुंह दबाने का प्रयास किया, जिससे परिवार दहशत में आ गया। इसके बाद आरोपी दोनों भैंसों को लेकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार लूटी गई भैंसों की कीमत लाखों रुपये है।
घटना के तुरंत बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने बरदह थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य माध्यमों से भी बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







