best news portal development company in india

प्रयागराज पुलिस को बड़ी सफलता: ज्वेलरी चोरी गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, 22 लाख के आभूषण बरामद

SHARE:

प्रयागराज पुलिस को बड़ी सफलता: ज्वेलरी चोरी गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार, 22 लाख के आभूषण बरामद

प्रयागराज। सरायइनायत थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने ज्वेलरी चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के 281.5 ग्राम सोने तथा 2935 ग्राम चांदी के आभूषण और आभूषण बेचने से प्राप्त 13,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को सरायइनायत थाना क्षेत्र के अन्दावा स्थित एक आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में थाना सरायइनायत पर मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

गुरुवार को संयुक्त पुलिस टीम ने सरायइनायत क्षेत्र के रिंग रोड रेलवे अंडरपास के पास से प्रीतम सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह उर्फ लादू तथा ब्रजेश कुमार सोनी को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि प्रीतम, सुरेंद्र और ओमपाल सुनसान इलाकों में स्थित ज्वेलरी की दुकानों और बंद मकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी करते थे। चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को वे बाराबंकी निवासी ब्रजेश कुमार सोनी, जो पेशे से सोनार है, को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेच देते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में हुई चोरियों के माल का हिसाब-किताब करने के लिए रिंग रोड रेलवे अंडरपास के पास एकत्र हुए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि बरामद आभूषणों का संबंध थाना होलागढ़ और थाना हंडिया में दर्ज चोरी के मामलों से भी है। पुलिस अन्य घटनाओं में गिरोह की संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को गंगानगर जोन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई