प्रसूता करिश्मा मौत मामला: वांछित चिकित्सक डॉ. अकबर खान गिरफ्तार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
माहुल (आजमगढ़)। प्रसूता करिश्मा मौर्य की मौत के चर्चित मामले में अहरौला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अकबर खान को गिरफ्तार कर लिया है। चिकित्सक पर बिना वैध अनुमति अस्पताल संचालन और कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को पवई थाना क्षेत्र के नाटी माहुल गांव निवासी ओमकार मौर्य ने अहरौला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी करिश्मा मौर्य (23) को प्रसव के लिए रसूलपुर अहमद अली स्थित शहनवाज मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में लापरवाहीपूर्वक ऑपरेशन किया गया और गलत रक्त चढ़ाए जाने के कारण उनकी पत्नी की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर अहरौला थाने में मुकदमा संख्या 234/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 भी बढ़ाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को माहुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल ने पुलिस टीम के साथ फुलवरिया अंडरपास के पास से वांछित अभियुक्त डॉ. मोहम्मद अकबर खान (37), निवासी माहुल खास, थाना अहरौला, को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र निषाद और कांस्टेबल जितेंद्र यादव शामिल रहे।
अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि प्रसूता की मौत के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुकदमे में नामजद चिकित्सक की पत्नी भी अभियुक्त है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डॉ. अकबर खान की गिरफ्तारी के बाद चर्चित प्रसूता मृत्यु प्रकरण में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।








