फ्री मूवी डाउनलोड के नाम पर मोबाइल हैक करने वाले साइबर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 3.5 लाख की बुलेट बरामद
आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राजीय साइबर ठगी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फ्री में नई फिल्में और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके (APK) फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले गिरोह का सदस्य होने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस की टीम 22 जुलाई को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को एटीएम के माध्यम से निकालने वाला एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल से महाराजगंज की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने प्रतापपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, एक फर्जी आधार कार्ड और 1,330 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने कृष्णा कुमार (28 वर्ष) पुत्र राजदेव राम, निवासी नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जनसेवा केंद्रों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम निकालता था। उसने यह भी बताया कि बरामद आईफोन उसके साथी आशीष कुमार निवासी मीठापुर, पटना (बिहार) का है, जिसका उपयोग फर्जी मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
आरोपी ने खुलासा किया कि गिरोह सोशल मीडिया पर फ्री में नई फिल्में और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके (APK) लिंक साझा करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खातों से रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के जरिए निकाल ली जाती थी। इसके बाद ठगी की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महाराजगंज थाना के उपनिरीक्षक राहुल कुमार, कांस्टेबल रतीश तिवारी, आरक्षी फहीम अंसारी तथा साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रविप्रकाश गौतम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








