फतेहपुर में फायरिंग की सूचना से रातभर सक्रिय रही पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में गुरुवार रात कथित फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस महकमा रातभर सक्रिय रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो कारतूस बरामद किए। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव निवासी रमेश यादव पुत्र पतिराम यादव की सूचना पर लाटघाट चौकी प्रभारी जाफर खान एवं जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दो कारतूस बरामद किए, जिनकी जांच फॉरेंसिक टीम द्वारा की गई।
शुक्रवार को रमेश यादव ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गुरुवार रात करीब 9:40 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग उनके घर पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। उन्होंने एक आरोपी की पहचान महुला निवासी शिवम के रूप में करते हुए तीन अन्य को अज्ञात बताया।
तहरीर में रमेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले उनके पुत्र अवनीश यादव को मोबाइल फोन पर डीघवानिया निवासी शिवानंद तथा राम आशीष पुत्र बुद्धिराम निवासी सिवान द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है और उन्हीं लोगों पर घटना कराने का संदेह जताया है।
वहीं, लाटघाट चौकी प्रभारी जाफर खान ने बताया कि प्रथम दृष्टया बरामद कारतूस पुराने प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








