आजमगढ़: जहानागंज पुलिस की निवारक कार्रवाई, शांति भंग की आशंका में 11 लोगों का चालान
आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो अलग-अलग विवादों में निवारक कार्रवाई करते हुए 11 लोगों का चालान किया है। सभी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया के तहत एसडीएम सदर न्यायालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अतरारी में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद तथा ग्राम कोढ़वा अचलापार में पट्टीदारी को लेकर उत्पन्न तनाव की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति का जायजा लेने के बाद शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर संबंधित लोगों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में ग्राम अतरारी के शांति, आकांक्षा, रानी, कंचन, सोनम, सुभावती, अंकित, अमर और रुपेश राजभर सहित ग्राम कोढ़वा अचलापार के रामप्रकाश यादव एवं रीना यादव के विरुद्ध चालान किया गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाकर भविष्य में आपसी विवाद से बचने और शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।








