जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई: गुड्डू यादव गिरोह के 25 ठिकानों पर छापेमारी, 5 गिरफ्तार, ₹34.19 लाख नकद बरामद
जमुई, बिहार से मो आसिफ अनवर की रिपोर्ट –

जमुई/सिकंदरा : आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने संगठित अपराध और अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार को जमुई और शेखपुरा जिले के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 14/26 के तहत गुड्डू यादव और उसके 16 सहयोगियों के खिलाफ की गई। EOU के अनुसार, गिरोह पर राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर, फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन की खरीद-बिक्री, अवैध कब्जा, रंगदारी और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है।

जांच में सामने आया कि गुड्डू यादव और उसकी पत्नी के नाम 29 संपत्तियां दर्ज हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों ने भी परिजनों के नाम पर बड़ी संख्या में संपत्तियां खरीदी हैं। छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों से ₹34.19 लाख नकद, जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, वाहन संबंधी कागजात, 79 राउंड राइफल की गोलियां तथा एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

कार्रवाई में बाबूलाल यादव, भूषण यादव, विपिन यादव, प्रमोद यादव और राकेश उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार किया गया। EOU ने बताया कि बरामद सरकारी अभिलेखों, संपत्तियों और अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है तथा गिरोह की अवैध संपत्तियों का मूल्यांकन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







