सुपौल रिपोर्ट:-अल्ताफ राजा
पत्रकारों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई के लिए नगर पत्रकार कमेटी का गठन, सर्वसम्मति से लिए गए कई अहम निर्णय
सुपौल नगर परिषद स्थित पब्लिक लाइब्रेरी एंड क्लब में पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और संगठन की मजबूती को लेकर पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पत्रकार बाबुल कुमार, मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम एवं कुणाल कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में पत्रकारों के साथ हो रहे कथित शोषण, उनके अधिकारों की अनदेखी तथा पत्रकारिता की गरिमा के साथ हो रही खिलवाड़ को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एकजुटता के साथ पत्रकारों के हितों की रक्षा करने और किसी भी प्रकार के दबाव के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का निर्णय लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी राजनीतिक दल, पार्टी अथवा निजी प्रचार-प्रसार से जुड़ी खबरों के प्रकाशन को लेकर नगर पत्रकार कमेटी के स्तर पर सहमति और विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में यह भी कहा गया कि पत्रकारिता की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना सभी पत्रकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में नगर पत्रकार कमेटी का विधिवत गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से प्रियरंजन कुमार राठौर को अध्यक्ष, विकास कुमार को उपाध्यक्ष, अजीत कुमार ठाकुर को उपाध्यक्ष, पीयूष कुमार को महासचिव, मोहम्मद नजीर आलम को संयुक्त सचिव, चंदन कुमार को सचिव तथा मनोज कुमार यादव को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
वहीं, संगठन के संरक्षक के रूप में संजय कुमार सिंह एवं आशु राजा को जिम्मेदारी सौंपी गई। नगर पत्रकार कमेटी के सदस्यों के रूप में मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम, बाबुल कुमार, कुणाल कुमार ठाकुर, अरमान जी, नवीन कुमार, गोपाल झा, विष्णु कुमार एवं मिथिलेश कुमार झा को शामिल किया गया।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के खिलाफ खड़ा होना नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकार, सम्मान, स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता की रक्षा करना है। पत्रकारों ने कहा कि एकजुटता के अभाव में पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान कठिन हो जाता है, इसलिए सभी पत्रकारों को संगठन के साथ मजबूती से खड़ा रहना होगा।
बैठक के अंत में सभी पत्रकारों ने एक स्वर में संगठन को मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संकल्प लिया। पत्रकारों ने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ-साथ पत्रकारों के सम्मान की रक्षा के लिए नगर पत्रकार कमेटी लगातार सक्रिय भूमिका निभाएगी।








