आजमगढ़ में एसएसपी की जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
जनसुनवाई में जमीन विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी सहित विभिन्न पुलिस संबंधी मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और विवेचकों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरती जाए और पीड़ितों को प्रभावी न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन के अनुसार जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना है। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।








