सुपौल रिपोर्ट:-अल्ताफ राजा
किशनपुर के मेहासिमर में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी व नेपाली शराब बरामद l
सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहासिमर वार्ड नंबर-11 में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी और नेपाली शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मेहासिमर वार्ड नंबर-11 निवासी पवन कुमार, उम्र करीब 33 वर्ष, पिता स्वर्गीय राम अवतार यादव के घर में शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने देर रात उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब के साथ नेपाली देसी शराब भी बरामद की गई।
बरामद शराब में ओल्ड हैबिट 750 एमएल की 158 बोतल, ओल्ड हैबिट 180 एमएल की 2311 बोतल, रॉयल स्टैग 750 एमएल की 3 बोतल, रॉयल स्टैग 375 एमएल की 13 बोतल, रॉयल चैलेंज 375 एमएल की 16 बोतल तथा पाब्लो व्हिस्की 375 एमएल की 14 बोतल शामिल है। इसके अलावा नेपाली देसी शराब ‘मामाजी’ 300 एमएल की 26 बोतल भी बरामद की गई।
मामले की जानकारी उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है और सूचना के आधार पर आगे भी छापेमारी की जाएगी।
छापेमारी दल में मद्य निषेध निरीक्षक कुश कुमार, निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, निरीक्षक विष्णुदेव यादव, अवध निरीक्षक मद्य निषेध सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। गिरफ्तार पवन कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।








