best news portal development company in india

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, गांवों तक पहुंचा बाढ़ का पानी; ग्रामीणों ने खुद लगाई नाव

SHARE:

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, गांवों तक पहुंचा बाढ़ का पानी; ग्रामीणों ने खुद लगाई नाव

रौनापार, आजमगढ़। तहसील सगड़ी के देवारा क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गंभीर होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाला पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान 71.68 मीटर से करीब 32 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया।

गिरजा, सरयू और शारदा बैराजों से 2,89,165 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। बुढ़नपट्टी बांध के मानिकपुर, सोनौरा, अजगरा समेत कई गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित है। स्कूली बच्चों की परेशानी को देखते हुए अभ्भनपट्टी-मानिकपुर के पास ग्रामीणों ने खुद नाव की व्यवस्था की है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से एक और नाव उपलब्ध कराने की मांग की है।

देवारा खास राजा, साहडीह, सोनौरा, अभ्भनपट्टी, अजगरा और अचल नगर समेत तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। इससे पशुओं के हरे चारे की समस्या भी सामने आने लगी है।

बदरहुआ नाला पर 24 घंटे में जलस्तर में 8 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं डिघिया नाले पर भी 7 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने महुला-गढ़वल बांध पर महुला, गांगेपुर, हाजीपुर, जमुवारी, देवारा इस्माइलपुर, हैदराबाद, कुंडही, शिवपुर, सहदेवगंज और नौबरार देवारा जदीदकिता प्रथम समेत 10 बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं।

तहसील प्रशासन ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई