आजमगढ़: नाबालिग को भगाने के मामले में वांछित युवक गुजरात से गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद
आजमगढ़। थाना बरदह पुलिस ने नाबालिग के घर से चले जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित युवक को गैर प्रांत गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को एक नाबालिग के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में थाना बरदह में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में अन्य धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल की गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में उपनिरीक्षक शीतला प्रसाद कुशवाहा अपनी टीम के साथ 26 अगस्त से लोकेशन के आधार पर गुजरात में युवक और बालिका की तलाश कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को जिवली तिराहे के पास अभियुक्त रवि कुमार गौतम, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुचरा, थाना फूलपुर नाबालिग बालिका के साथ मिला। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
अभियुक्त को सुबह 11:55 बजे गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








