best news portal development company in india

मेजवां में कैफी आजमी के सामाजिक कार्यों पर आधारित फिल्म की शूटिंग शुरू, शबाना आजमी की देखरेख में हो रही शूटिंग

SHARE:

मेजवां में कैफी आजमी के सामाजिक कार्यों पर आधारित फिल्म की शूटिंग शुरू, शबाना आजमी की देखरेख में हो रही शूटिंग

फूलपुर, आजमगढ़। प्रगतिशील शायर कैफी आजमी के पैतृक गांव मेजवां में उनके जीवनकाल में किए गए सामाजिक कार्यों और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों पर आधारित फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म अभिनेत्री एवं निर्देशक शबाना आजमी की देखरेख में हो रही शूटिंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव पहुंच रहे हैं।

शूटिंग के दौरान मेजवां स्थित फतेह मंजिल, कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर और कैफी आजमी के पैतृक आवास को कैमरे में कैद किया गया। शूटिंग के दौरान फिल्म की टीम ने गांव के सामाजिक परिवेश और कैफी आजमी के कार्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रिकॉर्ड किया। फिल्म की शूटिंग के अंश आगामी दिनों में मुंबई में आयोजित होने वाले एक फैशन शो में प्रदर्शित किए जाएंगे।

फतेह मंजिल में इस दौरान कजरी महोत्सव का भी आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीण महिलाओं ने कजरी गीत प्रस्तुत किए। वहीं, कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर में काम करने वाली महिलाओं की आत्मनिर्भरता और उनके जीवन में आए बदलाव को लेकर शबाना आजमी की देखरेख में उनके इंटरव्यू भी शूट किए गए।

मेजवां वेलफेयर सोसाइटी के उप प्रबंधक मनोज प्रजापति ने बताया कि फिल्म में कैफी आजमी द्वारा मेजवां में कराए गए विकास कार्यों के साथ ही सिलाई और चिकनकारी के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल को प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को कैफी आजमी कंप्यूटर सेंटर, आसपास के घरों, कुएं और नदी सहित अन्य स्थानों पर भी फिल्म की शूटिंग की जाएगी।

कैफी आजमी के सामाजिक सरोकारों और मेजवां में उनके प्रयासों को फिल्म के माध्यम से सामने लाने की यह पहल गांव के विकास और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की कहानी को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई