आजमगढ़: बेसहारा छात्रा मेनका की मदद को आगे आए DM, पढ़ाई के लिए दिया 1 लाख रुपये का चेक
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार की मिसाल पेश की है। जनता दर्शन में अपनी समस्या लेकर पहुंची एक बेसहारा छात्रा की शिक्षा को आर्थिक तंगी के कारण बाधित होते देख जिलाधिकारी ने उसकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया।
तहसील बूढ़नपुर के अतरौलिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खानपुर फतेह निवासी मेनका प्रजापति, पुत्री स्वर्गीय अमरजीत प्रजापति को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए 1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
बताया गया कि मेनका के पिता का निधन हो चुका है, जिसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्रा की शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
इससे पहले भी जिलाधिकारी ने छात्रा की परेशानी को देखते हुए मुख्यालय तक आने-जाने के लिए उसका निःशुल्क MST बस पास बनवाया था, ताकि यात्रा संबंधी परेशानी के कारण उसकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी ने स्वयं मेनका को चेक सौंपा और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी की इस पहल की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। यह मदद न केवल एक छात्रा की शिक्षा को नया सहारा देगी, बल्कि समाज के सामने प्रशासन की संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली की एक प्रेरक मिसाल भी पेश करती है।








