best news portal development company in india

आजमगढ़: डीएम रविंद्र कुमार ने बैंकों को दिए सख्त निर्देश, पात्र लाभार्थियों को समय से उपलब्ध कराएं लोन

SHARE:

आजमगढ़: डीएम रविंद्र कुमार ने बैंकों को दिए सख्त निर्देश, पात्र लाभार्थियों को समय से उपलब्ध कराएं लोन

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष जिला सलाहकार समिति, जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की जून 2026 तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक ऋण योजना 2026-27 की पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, NRLM, SHG समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

KCC का व्यापक प्रचार कराने के निर्देश

डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी BDO कार्यालयों और ग्राम सचिवालयों के बाहर KCC से संबंधित पोस्टर लगवाए जाएं। साथ ही मत्स्य पालन के लिए भी KCC कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी गई है।

पीएम सूर्यघर योजना की भी हुई समीक्षा

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में 5084 के लक्ष्य के सापेक्ष 3261 आवेदन भेजे गए हैं, 1551 आवेदन स्वीकृत हुए हैं और 1112 लाभार्थियों को वितरण किया जा चुका है।

10 सितंबर को लगेगा मेगा क्रेडिट कैंप

एलडीएम अभिषेक द्विवेदी ने बताया कि 10 सितंबर को हरिऔध कला केंद्र में मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा, SHG सहित विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किए जाने का लक्ष्य है।

CD रेशियो कम होने पर डीएम ने जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने बैंकों के क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बैंक केवल जमा राशि बढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने में तेजी लाएं, ताकि जनपद के आर्थिक विकास को गति मिल सके। कम प्रगति वाले बैंकों को विशेष कार्ययोजना तैयार कर सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने भी बैंक अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में CRO संजीव ओझा, RBI के अग्रणी जिला अधिकारी, LDM अभिषेक द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव, DDM नाबार्ड सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई