आजमगढ़: सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
आजमगढ़/बरदह। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम के मद्देनजर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम जिवली स्थित हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।








