आभूषण देखने के बहाने चोरी की वारदात को दिया था अंजाम, तीन नाक की कील बरामद; घटना में प्रयुक्त बाइक सीज
जीयनपुर/आजमगढ़। अजमतगढ़ कस्बे में ज्वेलर्स की दुकान से आभूषण बदलकर चोरी करने के मामले में थाना जीयनपुर पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पीली धातु की तीन नाक की कील बरामद की हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरु गोविन्द नगर वार्ड नंबर-06, अजमतगढ़ निवासी विनोद वर्मा पुत्र स्व. महेन्दर वर्मा की कस्बा अजमतगढ़ में श्रेया ज्वेलर्स नाम से दुकान है। वादी के मुताबिक, 7 सितंबर को एक पुरुष और दो महिलाएं आभूषण देखने के बहाने दुकान पर पहुंचीं। इसी दौरान आरोपियों ने आभूषण देखने के बहाने पांच नाक की कील बदलकर चोरी कर ली और वहां से चले गए।
मामले में विनोद वर्मा की तहरीर पर थाना जीयनपुर में मु.अ.सं. 374/2026, धारा 305(A), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को चौकी प्रभारी अजमतगढ़ उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन कुमार उर्फ रामबहादुर पुत्र मुन्नीलाल, निवासी छपरा सुल्तानपुर, उम्र 38 वर्ष और एक महिला आरोपी को रजादेपुर-अजमतगढ़ मार्ग पर देशी शराब के ठेके के पास से दोपहर करीब 2:50 बजे हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की तीन नाक की कील बरामद हुईं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।








