मरीज का गलत इलाज करने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, पैर काटने की बनी थी नौबत
गम्भीरपुर/आजमगढ़। गोसाई की बाजार में कथित रूप से बिना पंजीकरण संचालित हो रहे हेल्थ केयर सेंटर में मरीज का गलत इलाज करने के मामले में गम्भीरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।
मामला अक्टूबर 2025 का है। मईखरगपुर निवासी सुनील यादव के भाई अजीत यादव शौचालय में गिरने से पैर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन इलाज के लिए उन्हें गोसाई की बाजार स्थित प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर ले गए, जहां सत्यप्रकाश ने कथित तौर पर खुद को चिकित्सक बताते हुए उनका उपचार किया।
आरोप है कि उपचार में लापरवाही और गलत इलाज के चलते मरीज की हालत बिगड़ गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसके पैर को काटने तक की नौबत बताई गई और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।
मामले की जांच के दौरान प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर और वहां इलाज करने वाले व्यक्ति के पंजीकरण से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र लालता प्रसाद, निवासी पन्दहा, थाना मेहनगर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
रविवार को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वांछित आरोपी सत्यप्रकाश को गोसाई की बाजार से दोपहर करीब 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चालान कर दिया गया।








