लाउडस्पीकर और पंपलेट के जरिए लोगों को दी जानकारी, 12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
आजमगढ़। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर सोमवार को यातायात पुलिस ने शहर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी एवं एएसपी यातायात के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान लाउडस्पीकर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण कराया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने बताया कि लोक अदालत में यातायात चालान, शमनीय आपराधिक वाद, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस और बैंक रिकवरी से जुड़े मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।








