best news portal development company in india

फूलपुर में 17 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

SHARE:

गले पर कटे के निशान मिलने से गहराया रहस्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहापुर गांव में शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव गांव के मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में वशिष्ठ के घर के पीछे मिला। किशोरी के गले पर कटे के निशान होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने प्रेम-प्रसंग को लेकर किशोरी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

खानजहापुर गांव निवासी विनोद की 17 वर्षीय बेटी खुशी कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, वह करीब एक महीने से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे किसी का फोन आने के बाद वह ननिहाल से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।

काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर ननिहाल और परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह मिला शव

शुक्रवार सुबह मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में वशिष्ठ के घर के पीछे किशोरी का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों से परिजनों को हुई। परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फूलपुर के अपराध निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किशोरी की मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खुशी दो छोटे भाइयों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई