best news portal development company in india

गोंडा हत्याकांड के विरोध में गरजा निषाद समाज, पांच करोड़ मुआवजे की मांग

SHARE:

आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की उठी मांग

अतरौलिया। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले को लेकर निषाद समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के सेल्हरापट्टी गांव में जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद के नेतृत्व में निषाद समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक में हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद ने कहा कि विनोद कुमार साहनी सामाजिक रूप से सक्रिय और कर्मठ व्यक्ति थे तथा समाज के लोगों के सुख-दुख में हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और उसके बेटे की सुरक्षा को देखते हुए उसे शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। साथ ही आरोपियों की कथित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की गई।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

बैठक में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए। शीतला प्रसाद निषाद ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर कई सवाल हैं और उनके थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की बात भी चर्चा में है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

वक्ताओं ने निषाद समाज से जुड़े कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की भूमिका को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि न्याय की मांग को लेकर मंत्री को धरने पर बैठना पड़ रहा है, इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अलग-अलग मामलों में कार्रवाई को लेकर दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद समाज अपनी नाराजगी जाहिर कर सकता है।

महिलाओं ने भी उठाई सुरक्षा की आवाज

बैठक में महिलाओं ने भी घटना पर चिंता जताई। निशा, परमशीला समेत अन्य महिलाओं ने कहा कि कारोबारी की हत्या से समाज और क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ मृतक के बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर विनोद कुमार साहनी हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई