फरिहा में सड़क पार करते समय हुआ हादसा, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
फरिहा, आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में रविवार देर रात तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरिहा निवासी मातादीन यादव (65) पुत्र रामकिशोर यादव का मकान फरिहा से सरायमीर जाने वाले मुख्य मार्ग पर ईदगाह के पास स्थित है। बताया गया कि रविवार देर रात वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सरायमीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मातादीन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे आसपास के लोगों और परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया।
निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम का नंबर यूपी 16 ई 2667 है। चालक की पहचान चंद्रदेव पुत्र रामाश्रय, निवासी शाहगंज, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
मातादीन यादव के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी का विवाह हो चुका है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी श्यामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है।








