
नगर पंचायत निजामाबाद की पहल, अब निशुल्क मिलेगी शव रखने के लिए डीप फ्रीजर सुविधा
निजामाबाद, आज़मगढ़। नगर पंचायत निजामाबाद ने कस्बावासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शव को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर की निशुल्क व्यवस्था शुरू की है किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद यदि दूर रहने वाले परिजनों या सगे-संबंधियों के पहुंचने में समय लगता है, तो इस सुविधा के माध्यम से शव को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष अलाउद्दीन ने बताया कि किसी परिवार में मृत्यु होने के बाद दूर रहने वाले परिजनों के पहुंचने तक शव को सुरक्षित रखने में कई बार परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से डीप फ्रीजर उपलब्ध कराया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि यह सुविधा बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के नगर पंचायत निजामाबाद के सभी लोगों के लिए निशुल्क उपलब्ध रहेगी। गरीब, मजदूर, किसान समेत समाज के हर वर्ग तक नगर पंचायत की सुविधाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है उन्होंने कहा कि जनमानस की सुविधा और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।








