आजमगढ़ में 1 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, डीएम रविन्द्र कुमार दिखाएंगे जागरूकता रैली को हरी झंडी
कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, आजमगढ़ | प्रेस विज्ञप्ति
आजमगढ़। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ 1 अक्टूबर को किया जाएगा। अभियान के तहत अक्टूबर माह में पूरे जनपद में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का शुभारंभ सुबह 9:45 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से होगा, जहां जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कलेक्ट्रेट से जिला महिला चिकित्सालय तक निकलेगी रैली
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सहयोगी विभागों के प्रचार-प्रसार वाहनों और छात्र-छात्राओं की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर जीजीआईसी स्कूल, काली चौरा और मोहल्ला एलवल होते हुए जिला महिला चिकित्सालय, आजमगढ़ पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
स्वच्छता और मच्छरों से बचाव के प्रति किया जाएगा जागरूक
अभियान के दौरान आमजन को संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता, साफ-सफाई, मच्छरों से सुरक्षा, जलभराव की रोकथाम और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ संबंधित सहयोगी विभाग भी निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे।
संबंधित विभागों से समय पर पहुंचने की अपील
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को सुबह 9:45 बजे अपने प्रचार-प्रसार वाहनों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में समय से उपस्थित रहें और शुभारंभ रैली में प्रतिभाग करें। इसका उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को जागरूक बनाना है।
मुख्य उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता को बढ़ावा देना और जनभागीदारी के माध्यम से जनपद को रोगों से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता बढ़ाना।








