बूढ़नपुर तहसील के शंभूपुर गांव में 21 सितंबर को हुई घटना के बाद प्रशासन सक्रिय, पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी कवायद
आजमगढ़ | 1 अक्टूबर 2026

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शंभूपुर, तहसील बूढ़नपुर में 21 सितंबर 2026 को हुई घटना में जान गंवाने वाले लोगों के पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। घोषणा के अनुसार, स्वर्गीय महेंद्र पाठक और स्वर्गीय अखिले मिश्रा के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद बची दो छोटी बच्चियों को ढाई-ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

चार लाख नहीं, कुल 15 लाख रुपये की सहायता घोषित
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, दोनों मृतकों के परिवारों के लिए कुल 10 लाख रुपये तथा तीसरे परिवार की दोनों बच्चियों के लिए कुल पांच लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। इस प्रकार तीनों पीड़ित परिवारों के लिए कुल 15 लाख रुपये की सहायता राशि घोषित की गई है।
डीएम और एसएसपी ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
घटना के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ ने तीनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकारी योजनाओं से भी मिलेगी मदद
जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के पात्र सदस्यों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई कर रहा है। इनमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और शिक्षा का अधिकार अधिनियम सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति को सहारा दिया जा सके।
पीड़ित परिवारों की मदद के लिए जिला प्रशासन की अपील पर समाज के एक गणमान्य व्यक्ति ने भी सहयोग किया है। संबंधित व्यक्ति की ओर से तीनों पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस तरह मुख्यमंत्री की घोषित सहायता के अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मदद भी पीड़ित परिवारों को मिली है।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दि
लाने की प्रक्रिया जारी है।








