बारिश के बाद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की मरम्मत तेज, 43 किमी हिस्सा गड्ढामुक्त
आजमगढ़। लगातार हुई बारिश के बाद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य तेज कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के अनुसार, एक्सप्रेसवे के करीब 43 किलोमीटर हिस्से में बारिश के बाद बने गड्ढों की मरम्मत कर उसे गड्ढामुक्त किया गया है। इसके साथ ही सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहतर करने के लिए माइक्रो सरफेसिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।

बताया गया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के प्रवेश बिंदु 90 किलोमीटर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया से लेकर निकासी बिंदु 48.400 किलोमीटर सलारपुर तक विभिन्न स्थानों पर बारिश के कारण सड़क की सतह प्रभावित हुई थी। इन स्थानों पर मरम्मत कार्य कर यातायात को सुचारु करने का दावा किया गया है।

पीडी/अधिशासी अभियंता पीपी वर्मा ने बताया कि भारी बारिश के कारण बने गड्ढों को दुरुस्त कर दिया गया है। वर्तमान में मार्ग गड्ढामुक्त है। सड़क की राइडिंग क्वालिटी और सतह को बेहतर बनाए रखने के लिए माइक्रो सरफेसिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि गड्ढे बनने के कारणों की तकनीकी जांच के लिए आईआईटी की टीम से जांच कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ पुरानी खबरों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की।

रेजिडेंट इंजीनियर सुरेंद्र कुमार के अनुसार, बारिश के कारण कुछ स्थानों पर गड्ढे बने थे, जिन्हें यूपीडा के निर्देश पर 24 घंटे सक्रिय टीमों के माध्यम से तत्काल भर दिया गया। उन्होंने बताया कि माइक्रो सरफेसिंग के जरिए सड़क की ऊपरी सतह को बेहतर किया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर सड़क से उखड़ने वाली गिट्टियों और अन्य सामग्री की आधुनिक मशीनों से नियमित सफाई कराई जाएगी। इसके लिए लगातार मेंटेनेंस कार्य जारी रखने की बात कही गई है, ताकि सड़क की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था बनी रहे।

वहीं, एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले कुछ वाहन चालकों ने मरम्मत के बाद सड़क की स्थिति में सुधार की बात कही। रामपुर निवासी ट्रक चालक वीरपाल ने बताया कि सड़क से गड्ढे खत्म हो गए हैं और अब आवागमन में परेशानी नहीं हो रही है। मुरादाबाद निवासी वाहन चालक परवेज आलम ने भी सड़क की स्थिति को बेहतर बताते हुए मरम्मत के बाद सफर सुगम होने की बात कही।








